नई दिल्ली। राजस्थान के जोधपुर जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक मॉडल गुनगुन उपाध्याय ने रातानाडा के होटल की छठी मंजिल से कूद गई। हालांकि यह कदम उठाने से पहले मॉडल ने अपने पिता को फोन कर इसकी जानकारी दी। नीचे गिरने के बाद गुनगुन को अस्पताल ले जाया गया। यहां उसकी हालत स्थिर है।
वहीं, डॉक्टरों का कहना है कि ऊंचाई से गिरने की वजह से गुनगुन की पसलियों व पैर में फैक्चर है। हालांकि, उसकी हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को मॉडल गुनगुन उदयपुर से जोधपुर पहुंची थी। वह रातानाडा के होटल में ठहरी थी। गुनगुन ने रविवार को अपने पिता को फोन कर कहा कि ‘पापा मैं सुसाइड करने जा रही हूं, बस मेरा चेहरा देख लेना’। इसके बाद पिता गणेश उपाध्याय ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई, एसीपी देरावर सिंह फोन नंबर के आधार पर गुनगुन की लोकेशन ट्रैस कराकर घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन तब तक गुनगुन छठी मंजिल से कूद चुकी थी। आनन-फानन मॉडल को मथुरादास माथुर अस्पताल में ले जाया गया।
यह भी पढ़ें: ‘ब्रा का साइज भगवान ले रहे हैं’: पढ़ें अभिनेत्री श्वेता तिवारी के विवादित बयान का पूरा सच
डॉक्टरों ने बताया कि गुनगुन का काफी खून बह गया है, इसलिए वह अभी बात करने की स्थिति में नहीं है। होश आने पर उससे पूछताछ की जा सकती है। अभी तक आत्महत्या करने के लिए मजबूर होने की वजह का खुलासा नहीं हो पाया है।
आपको बता दें कि मॉडल के पिता गणेश उपाध्याय जोधपुर में ही मंडी व्यापारी हैं। पुलिस मॉडल के पिता से ही गुनगुन के बारे में पूछताछ कर रही है।