बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत (Baghpat Murder) जिले के छपरौली थाना इलाके के तिलवाड़ा मार्ग पर दिन निकलते ही भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर (Sanjay Khokhar Murder) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। संजय खोखर घर से मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष की हत्या से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एएसपी और सीओ बड़ौत आलोक सिंह व इंस्पेक्टर दिनेश चिकारा मयफोर्स के मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष के शव को कब्जे में ले लिया है। साथ ही घटनास्थल को सील कर दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर ने घटना से पार्टी हाईकमान को अवगत करा दिया है। एसपी अजय कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व जिलाध्यक्ष के पीठ, कनपटी व सीने में तमंचे से गोली मारकर हत्या की गई है। घटनास्थल से एक 315 का कारतूस मिला है।
पूर्व जिलाध्यक्ष के पुत्र अक्षय ने बताया कि दो दिन पूर्व पिता संजय खोखर जब मॉनिंग वॉक से लौट रहे थे, तो एक गाड़ी को अपने खेत के पास खड़ा पाया था। इस पर पिता खेतों के रास्ते घर लौटे थे। इसकी जानकारी उन्होंने परिजनों को दी थी। शुरूआती जानकारी मिली है कि कई महीने उनका क्षेत्र के कुछ युवकों से विवाद हो गया था। पूर्व जिलाध्यक्ष के पुत्र ने उक्त विवाद के चलते चार युवकों पर पिता की हत्या करने की आशंका जताई है। संजय खोखर करीब तीन साल भाजपा जिलाध्यक्ष रहे थे।
यह भी पढ़ें: विदिशा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2000 के नकली नोटों के साथ दो गिरफ्तार
2019 लोकसभा चुनाव से पूर्व उन्हें जिलाध्यक्ष पद से हटाया था। पूर्व जिलाध्यक्ष ने सांसद डा. सत्यपाल सिंह को दोबारा टिकट दिए जाने का विरोध किया था। सांसद विरोधी खेमे में शामिल होने के चलते उन्हें पद से हटाया गया था। संजय खोखर बड़ौत में छात्र राजनीति से सक्रिय थे। छात्र राजनीति के बाद संजय खोखर ककौर में स्थित पूर्व माध्यमिक स्कूल में अध्यापक के पद पर तैनात थे।
रिपोर्ट: अमित कुमार