छत्तीसगढ़ सीमा से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ में 17 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। गढ़चिरौली के एटापल्ली तहसील के बोरिया जंगल में यह मुठभेड़ सुबह 11 बजे हुई।
पुलिस को खुफिया जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया और 17 नक्सली को मार गिराया। इस अभियान को C 60 कमांडो और महाराष्ट्र पुलिस ने संयुक्त रुप से मिलकर अंजाम दिया।
आपको बता दें कि पिछले करीब चार साल में नक्सलियों के खिलाफ यह सबसे बड़ा ऑपरेशन है। यह कार्रवाई पुलिस ने उस समय की जब गढ़चिरौली में तेंदू पत्ता तोड़ने का काम चल रहा है। नक्सली ठेकेदारों से पैसे की उगाही के लिए यहां आते हैं। इस आय से ही नक्सली अपना खर्च चलाते हैं।
बताया जा रहा है कि गढ़चिरौली के कसनपुर इलाके में नक्सली कमांडरों के मूवमेंट की खुफिया जानकारी मिली।
इसके आधार पर कसनपुर इलाके के ताडगाव में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नक्सलियों ने सुरक्षा कर्मियों पर गोलबारी शुरू कर दी। इस पर सुरक्षाकर्मियों ने भी जवाब में फायरिंग की। गोलीबारी में 17 नक्सली मारे गए।
आपको बता दें कि शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के घने जंगल में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई थी। इसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार मौर्य शहीद हो गए थे।