झांसी। महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर बड़ा उलटफेर हुआ। भाजपा ने बाजी मारते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के साथ मिलकर सरकार बना ली। शनिवार सुबह राजभवन में देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में दोबारा शपथ ग्रहण की। एनसीपी के अजित पवार को भी राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री बनने का सपना धराशायी हो गया। वहीं, राज्यपाल ने फडणवीस सरकार को 30 नवंबर तक बहुमत साबित करने का वक्त दिया है।
यह भी पढ़ें: सूदखोरों से परेशान युवक ने की आत्महत्या, गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम
इस मामले पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने भाजपा-शिवसेना गठबंधन को पूर्ण बहुमत दिया था, लेकिन शिवसेना ने धोखा दिया। शिवराज सिंह ने शिवसेना पर हमला बोलते हुए कहा कि जो दूसरों के लिए गड्ढा खोदता है, वो खुद ही उसी गड्ढे में गिर जाता है। यही हाल शिवसेना का हुआ है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जब भोपाल जा रहे थे तो उन्होंने शनिवार को झांसी स्टेशन पर यह बयान दिया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में अच्छे उद्देश्य के साथ देवेंद्र फणनवीस के नेतृत्व में स्थिर सरकार बनी है। यह महाराष्ट्र के लिए जरूरी था।
रिपोर्ट: अमित सिंह