विदिशा। मध्य प्रदेश की विदिशा पुलिस (Vidisha Police ) ने दो हजार के नकली नोट (fake notes) के साथ एक गाड़ी में दो लोगों को पचमा रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपी गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं। गंज बासौदा देहात थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की है।
गंजबासौदा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो लोग नकली नोट के साथ सफेद रंग की अर्टिगा कार से जा रहे हैं। देहात पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए पचमा रोड पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। एक सफेद रंग की अर्टिगा में दोनों लोगों को धर दबोचा। इन लोगों की तलाशी लेने पर दो हजार के नोट बरामद हुए।|बारीकी से छानबीन करने पर इनके पास से 2000 रुपये के 362 नोट नकली बरामद हुए हैं। वहीं साथ में 50 हजार के असली नोट के साथ 1000 और 500 का पुराना नोट पुलिस ने बरामद किया है।
यह भी पढ़ें: भाजपा कार्यालय के उद्घाटन में सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ीं धज्जियां, नेताओं की कटी जेब
पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों में से एक आरोपी अश्विन कुमार नावढ़िया सूरत का रहने वाला है, दूसरा आरोपी राजेंद्र दत्त जोशी भुसावल का रहने वाला बताया जा रहा है। दोनों ही गुजरात राज्य के रहने वाले हैं। गंज बासौदा देहात थाना टीआई बीड़ी वीरा ने बताया कि यह आरोपी राजेंद्र दत्ता जोशी और अश्विन कुमार ठगी करते हैं, यह कोई अंतरराष्ट्रीय गिरोह है, इनके पास से चार सफेद कागज और दो अन्य भाषा के अखबार मिले हैं, इसके अलावा जिस गाड़ी में सवार थे, वह सफेद रंग की अर्टिगा गाड़ी गुजरात पासिंग है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: ओम प्रकाश जोशी