नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों में कमी दर्ज की जा रही है। कोरोना मामले में गिरावट आने पर आम जनता को बंदिशों से राहत मिल गई है। गुरुवार को कोरोना हालात पर दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (Delhi Disaster Management Authority) की अहम बैठक हुई। इस बैठक में फैसला लिया गया है कि वीकेंड कर्फ़्यू (Weekend Curfew), नाइट कर्फ्यू हटाने और बाज़ारों के ऑड-ईवन सिस्टम खत्म किया जाए।
हालांकि दिल्ली में रात का कर्फ्यू जारी रहेगा। डीडीएमए की अगली बैठक में स्कूलों को खोलने पर फैसला होगा। शादी समारोह में ढील दी जाएगी। अधिकतम 200 लोगों या 50 फीसदी क्षमता के साथ शादियों में लोग शामिल हो सकेंगे। बार, रेस्तरां और सिनेमा हॉल के लिए 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुलेंगे। रकारी कार्यालय 50 फीसदी क्षमता के साथ काम करेंगे।
दिल्ली में 7498 नए केस मिले
राजधानी दिल्ली में 24 घंटे में 7498 नए मामले मिले थे। नए मामलों के सामने आने के बाद यहां संक्रमितों का कुल आकंड़ा बढ़कर 18,10,997 हो गया। साथ ही 29 मरीजों की मौत हुई। मृतकों की कुल संख्या 25,710 हो गई। 11,164 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी भी दी गई। कोरोना संक्रमण दर 10.59 प्रतिशत हुई है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: भाजपा के हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, यहां से लड़ेंगे चुनाव
रिपोर्ट: अमित सिंह