विदिशा। मध्य प्रदेश पुलिस ने अशोक गुर्जर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। अशोक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी से कराई थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
आपको बता दें कि दो दिन पहले कोतवाली थाना क्षेत्र के अरिहंत विहार कॉलोनी के पीछे सुनसान इलाके में एक व्यक्ति का शव पुलिस को मिला था। पुलिस को शव की सूचना मृतक के चचेरे भाई समरत सिंह गुर्जर द्वारा दी गई। मृतक की पहचान अशोक गुर्जर निवासी राजपूत कालोनी के रूप में की गई।
पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए मोबाइल ट्रेस किया और इसके आधार पर पुलिस ने हत्या की सूचना देने वाले समरत सिंह निवासी त्योंदा को ही हत्या का दोषी पाया। गुरुवार को कोतवाली थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सीएसपी भारत भूषण शर्मा, टीआई जयपाल इनवाती ने बताया कि मृतक अशोक के चचेरे भाई और अशोक की पत्नी सुनीता के बीच पिछले एक डेढ साल से अवैध संबंध(Illegal Relation) थे। महिला ने पूछताछ में खुलासा किया है कि पति को अवैध संबंधों के बारे में जानकारी हो गई थी। इसको लेकर रोजाना विवाद होता था। वो उससे मारपीट करता था।
इसके बारे में अशोक को जानकारी मिल गई थी। जिसके चलते पति पत्नी में विवाद और मारपीट होती थी। अशोक को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी सुनीता और समरत सिंह ने योजना बनाई। योजना के तहत समरत ने अन्य भाई हरि सिंह के साथ रात के समय अशोक को बुलाकर जमकर शराब पिलाई और बाद में गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने समरत और उसके भाई हरि सिंह के खिलाफ हत्या की धारा और पत्नी सुनीता के खिलाफ हत्या की साजिश रचने की धारा के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। हरि सिंह फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
रिपोर्ट: ओम प्रकाश जोशी