विदिशा। मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। प्रदेश में अब तक 400 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। जबकि मरने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। अब तक करीब 25 से ज्यादा लोगों ने कोरोना वायरस से दम तोड़ दिया है। इंदौर में शुक्रवार को ही डॉक्टर समेत चार लोगों की मौत हुई है।
वहीं, चार दिन पहले तक विदिशा शहर और जिला कोरोना के कहर से बचा हुआ था। सिरोंज में पहला मरीज मिला। उसके 2 दिन बाद गंजबासौदा में एक और मरीज मिला था। इसके बाद गुरुवार की देर रात आई रिपोर्ट ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया। एक साथ 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस मामले में शुक्रवार को कलेक्टर डॉक्टर पंकज जैन और एसपी विनायक वर्मा ने पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि करते हुए जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शहर के स्वर्णकार कॉलोनी, लोहांगी मोहल्ला और खाई रोड-चोपड़ा को पूरी तरह से सील कर दिया है। इन क्षेत्रों को कंटेलमेंट किया गया है। यहां अन्य जगहों के मुकाबले आवश्यकता से अधिक सख्ती रहेगी। यहां से कोई बाहर नहीं जा सकेगा और ना ही कोई अंदर आ सकेगा। पूरे शहर में आज कर्फ्यू रहेगा। शनिवार से शहर के अन्य क्षेत्रों में कुछ रियायत दी जाएगी। कलेक्टर डॉक्टर पंकज जैन ने बताया कि पॉजिटिव मरीजों में पांच विदिशा के पांच गंजबासौदा के, सिरोंज ग्यारसपुर और लटेरी में एक-एक हैं।
जमात से जुड़े लोगों में संक्रमित होने वालों की संख्या लगभग 6 आंकी जा रही है। कलेक्टर और एसपी ने सभी से एक बार फिर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और कोई संदिग्ध मरीज मिलने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।
रिपोर्ट: ओम प्रकाश जोशी