विदिशा। हरि वृद्धाश्रम को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष व अन्य लोगों ने ई-रिक्शा की सौगात दी। बुजुर्गों की मदद के लिए उच्च स्तरीय ई रिक्शा की चाबी आश्रम संचालिका इंदिरा शर्मा और वेदप्रकाश शर्मा को समारोह पूर्वक सौंपी गई। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश जैन, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के राजेन्द्र भंडारी समेत सभी अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आश्रम संचालिका इंदिरा शर्मा ने विदिशा के सभी दानदाताओं का ह्रदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही आश्रम भवन के विस्तार के लिए होने वाले निर्माण में समाज से सहयोग की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी विनायक वर्मा ने कहा कि विदिशा की सभ्यता, संस्कृति और सोच का ही नतीजा है कि बुजुर्गों की यहां आत्मीयता से सेवा की जाती है। उन्होंने कहा कि हम बुजुर्गों के बीच आकर स्वयं को धन्य समझ रहे हैं। एसडीएम प्रवीण प्रजापति ने सभी दानदाताओं को साधुवाद देते हुए कहा कि विदिशा की समाजसेवा अनुकरणीय है। बुजुर्गों की सेवा के लिए आश्रम संचालकों की प्रशंसा करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि आश्रम संचालक इंदिरा वेदप्रकाश शर्मा द्वारा की जा रही सेवा अतुलनीय और अनुकरणीय है। उनकी इस सेवा धर्मिता में विदिशा प्रेस सदैव उनके साथ है, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश जैन ने कहा कि उनके ज्ञान में जब रिक्शा देने की बात आई तो उन्होंने महज आधे घंटे में अपने सहयोगियों के साथ रिक्शा देने का फैसला लिया। उंन्होंने कहा कि वो अपनी पूरी टीम के साथ आश्रम विस्तार के लिए नए भवन के निर्माण में आगे आकर सहयोग करेंगे। उंन्होंने कहा कि माता-पिता की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है।
रिपोर्ट: ओम प्रकाश जोशी