गुना। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के गुना जिले से शर्मनाक खबर सामने आई है। यहां एक युवक को तालिबानी सजा देने का मामला सामने आया है। लड़की से छेड़छाड़ के शक में युवक को खौफनाक सजा दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जानकारी के अनुसार, नानाखेड़ी इलाके में साहू और धाकड़ परिवार एक दूसरे के आमने-सामने रहते हैं। दोनों परिवारों में एक साल पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद पुलिस में केस दर्ज हुआ था। शुक्रवार सुबह साहू परिवार ने अजय धाकड़ (30) पर परिवार की बेटी के साथ छेड़खानी का आरोप लगाया।
आरोप है कि लड़की के परिवार वाले लोग अजय के घर पहुंचे और उसे पकड़कर बाहर निकाल लाए। आरोप है कि लड़की के परिवार के सदस्यों ने युवक अजय को हाथ-पैर बांधकर जमकर पीटा। एक लड़की ने डंडे बरसाए, सड़क पर घसीटा गया, जब तक वह बेहोश नहीं हुआ, तब तक बेरहमी से पिटाई की गई।
इस दौरान युवक का बेटा और पत्नी छोड़ने की गुहार लगाते रहे, सात साल का बेटा कहता रहा, मेरे पापा को छोड़ दो, लेकिन आरोपियों का बेरहम दिल नहीं पसीजा। इस दौरान शर्मनाक बात यह भी रही कि लोग इस बर्बरता का वीडियो बनाते रहे, किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपियों ने अजय को हाथ-पैर बांधकर सड़क पर घसीटा। लाठी-डंडों से अजय को बेरहमी से पीटा गया। एक लड़की अजय के पैरों पर लाठियां बरसाती हुई दिखाई दे रही है। मारपीट में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। बचाने आई पत्नी को भी आरोपियों ने पीटा, जिससे वह भी घायल हो गई। जब आरोपी अजय को छोड़कर चले गए तो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के दौरान लोग तमाशा देखते रहे। किसी ने युवक को बचाने की हिम्मत तक नहीं जुटाई। लोग बर्बरता का वीडियो बनाते रहे। वीडियो वारयल होने पर पुलिस नींद से जागी और कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा।