नोएडा। नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी पदयात्रा, तिरंगा यात्रा का आयोजन कर रही है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली से सटे नोएडा में भी पद यात्रा का आयोजन किया। बीजेपी की तरफ से नोएडा में आयोजित पद यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पदयात्रा में शामिल लोगों ने नागरिकता संशोधन कानून और सरकार के पक्ष में जमकर नारे लगाए।
रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा नोएडा के छलेरा गांव से नोएडा सेक्टर 18 तक राष्ट्र की सुरक्षा और विकास की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए CAA के समर्थन में हज़ारों नागरिकों के साथ पद यात्रा निकालकर लोगों को जागरूक किया।
इस दौरान एक सभा का आयोजन भी किया गया है। दादरी से भाजपा विधायक तेजपाल नागर ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियों सीएए के बारे में भ्रम फैला रही हैं। विपक्षी दलों के गलत प्रचार के चलते लोगों में भ्रांति पैदा हुई है।
उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम विषय को लेकर लोगों को जागरूक किया, CAA में नागरिकता मिल रही है, किसी की भी नागरिकता छीन नहीं जा रही है। आज भी किसी धर्म का व्यक्ति जो भारत के संविधान को मानता है वो तय प्रक्रियाओं के तहत भारत की नागरिकता ले सकता है।
#GreaterNoida: सिटी पार्क पर नागरिकता संशोधन अधिनियम के समर्थन में पद यात्रा में शामिल हुआ। हमारे क्षेत्र के सभी भाई-बहन और बुजुर्गों से भी निवेदन है की इस पद यात्रा में ज्यादा से ज्यादा लोग शामिल हो। #CAA2019 @sunilbansalbjp @AmitShah pic.twitter.com/zvnRChMQUj
— Tejpal Nagar MLA (@tejpalnagarMLA) January 12, 2020
उन्होंने सिटी पार्क पर नागरिकता संशोधन अधिनियम के समर्थन में पद यात्रा में शामिल हुए क्षेत्र के सभी लोगों का धन्यवाद किया।
इस दौरान विधायक पंकज सिंह ने भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भी विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। सांसद महेश शर्मा ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह कानून नागरिकता छीनने वाला नहीं है, यह कानून नागरिकता देने वाला है।
गौरतलब है कि नागरिकता संशोधन कानून के संसद से पास होने के बाद से ही देशभर में कई जगहों पर इसके समर्थन में रैली, पदयात्रा और तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसको लेकर विशेष अभियान चला रखा है। भाजपा कार्यकर्ता इस कानून के पक्ष में लोगों को जागरुक कर रहे हैं, साथ ही सरकार के फैसले का समर्थन भी कर रहे हैं।
रिपोर्ट: अमित सिंह