भोपाल। मध्य प्रदेश में अभी गर्मी और सताएगी। मानसून के लिए और इंतजार करना पड़ेगा। सूबे में 8 दिन तक गर्मी अपना कहर बरपाएगी।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी गर्मी और सताएगी। करीब 8 दिन तक तपिश दर्द देगी। हालांकि हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन मानसून जुलाई के पहले सप्ताह में पहुंचने का अनुमान है।
हालांकि पहले मानसून के 28 जून तक पहुंचने की संभावना थी, लेकिन मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है, इस वजह से मानसून को यहां तक पहुंचने में समय लग रहा है।
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून की रफ्तार सुस्त हो गई है, अब अगले 6-7 दिन मानसून मुंबई और अमरावती के आसपास रूका रहेगा। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून मध्यप्रदेश पहुंचने का अनुमान है।
आपको बता दें कि सबसे पहले मौसम विभाग ने मानसून के आने की तारीख जारी की थीं। उसी के तहत केरल में 1 जून की जगह 29 मई को ही पहुंच गया था।
वहीं कर्नाटक में 1 जून तक, 5 जून के बाद हैदराबाद और पूर्वोत्तर के सिक्किम तक अच्छी बारिश हुई। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में समय से पहले मानसून आने की आशंका जताई गई थी। लेकिन अभी तक मानसून नहीं पहुंच पाया है।
मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई, अमरावती, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, असम के मदनापुर, में मानसून अटका हुआ है।