नई दिल्ली। कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत (Harak Singh Rawat ) के निष्कासन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने कहा कि हमारी पार्टी में वो आए उन्होंने विकास के मामले में जो कहा हमने किया लेकिन हमारी पार्टी वंशवाद से दूर और विकास के साथ चलने वाली पार्टी है। कई बार उनकी कुछ बातों से हम असहज हुए।
स्थितियां ऐसी हुई कि वो पार्टी पर दबाव बना रहे थे, लेकिन हमारी एक अलग नीति है, जिसके बाद पार्टी ने यह निर्णय लिया। साथ ही अब एक परिवार से एक ही व्यक्ति को टिकट दिया जाएगा।
हरक सिंह रावत भाजपा से 6 साल के लिए निष्कासित
आपको बता दें कि रविवार देर रात को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने भी हरक सिंह रावत को मंत्रिमंडल से तत्काल हटाए जाने को लेकर भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी। इसके साथ ही मंत्रिपरिषद ने इसका आदेश भी देर रात जारी कर दिया था।
मुख्यमंत्री धामी ने राज्यपाल को हरक सिंह को तत्काल पद से हटाए जाने का प्रस्ताव भेजा था। हरक सिंह के पास वन पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, श्रम, कौशल विकास एवं सेवायोजन, आयुष व आयुष शिक्षा तथा ऊर्जा विभाग थे। अब इन सभी विभाग का अतिरिक्त प्रभार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पास रहेगा।
यह भी पढ़ें: भाजपा से निष्कासित होने पर फूट-फूटकर रोए हरक सिंह रावत, आज होंगे कांग्रेस में शामिल, देखें वीडियो
हरक सिंह रावत ने सीएम पुष्कर सिंह धामी पर बोला हमला
वहीं, मामले में भाजपा से निष्कासित किए जाने पर हरक सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत से आने वाली है।
बीजेपी से निष्कासित करने पर हरक सिंह रावत ने कहा कि सोशल मीडिया पर चले एक मनगढ़ंत समाचार को आधार बनाकर उन्होंने इतना बड़ा निर्णय ले लिया जबकि मेरे सबसे अच्छे संबंध थे लेकिन उन्होंने मुझसे बिना बात किए हुए इतना बड़ा निर्णय ले लिया। मुझे लगता है कि विनाश काले विपरीत बुद्धि है।
#WATCH | "Uttarakhand BJP Minister Harak Singh Rawat was putting pressure on the party (seeking party tickets) for his family members but we have a different policy, only one member of a family will be given a party ticket for elections," says Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami pic.twitter.com/AyVpAcSsob
— ANI (@ANI) January 17, 2022
रिपोर्ट: अमित सिंह