बेंगलुरु में आईपीएल 2022 (IPL 2022 Auction) के लिए खिलाड़ियों की नीलामी चल रही है। अब तक सबसे ज्यादा महंगे खिलाड़ी विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन बिके हैं। ईशान किशन के लिए ऑक्शन में जबरदस्त रेस देखी गई। किशन की बोली 2 करोड़ रुपये से शुरू हुई। मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस, पंजाब, सनराइजर्स हैदराबाद ने बोली लगाईं।
अंत में मुंबई इंडियंस ने ही ईशान किशन को 15.25 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। हालांकि ईशान किशन की बोली में युवराज सिंह का रिकॉर्ड टूटने से बच गया है। आपको बता दें कि युवराज 16 करोड़ के साथ सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी थे जिन्हें ऑक्शन में खरीदा गया था।
इतिहास में पहली बार ऐसे हुआ है कि मुंबई इंडियंस ने अपने किसी खिलाड़ी को खरीदने में ऑक्शन में 10 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए हैं। मुंबई के लिए बल्लेबाज ईशान लगातार शानदार खेल दिखाते रहे हैं। ईशान के लिए मुंबई और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एक लंबी बिड वॉर चली, लेकिन अंत में मुंबई इंडियंस ने बाजी मारी और ईशान को 15.25 करोड़ रुपये खर्च कर अपनी टीम में जोड़ लिया।
बल्लेबाज ईशान ने आईपीएल में अब तक 61 मुकाबले खेले हैं, उन्होंने 136 की ताबड़तोड़ स्ट्राइक रेट से 1452 रन बनाए हैं। किशन को इससे पहले मुंबई ने 6.20 करोड़ में रिटेन किया था। आईपीएल के इस ऑक्शन में ईशान को 146 फीसदी ग्रोथ मिला है।
वहीं, शार्दुल ठाकुर अब चेन्नई सुपर किंग्स की टीम से नहीं खेलेंगे, उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम में शामिल किया। उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा।
वहीं, गेंद और बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे दीपक चाहर पर भी धनवर्षा हुई। उनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था। पिछली बार उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी टीम में शामिल किया था, इस बार चेन्नई ने ही उन्हें 14 करोड़ रुपये में खरीदकर अपनी टीम से जोड़ा।