कानपुर। उत्तर प्रदेश से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। कानपुर देहात में एक साथ भाई की अर्थी और बहन की डोली उठी। यह देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। हर कोई बिलख पड़ा। दरअसल, जिस लड़की की शादी थी, उसके भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई। पिता को बेटे की मौत की जानकारी मिली तो वह भी बुरी तरह टूट गया। लोगों के समझाने पर उसने गम को दबाया और बेटी की शादी की रस्में निभाईं। बेटी को विदा किया उसके बाद बेटे की अर्थी को कंधा दिया।
जानकारी के अनुसार, झींझक करियाझाला मंगलपुर के रहने वाले पूर्व फौजी की बेटी की शादी बुधवार रात को घर के पास किशौरा के मुरारी गार्डन में थी। रामनरेश यादव की बेटी अंजू की बुधवार को सिंधी कालोनी भरथना इटावा से बरात आई थी। बरात आने पर उसका जोरदार स्वागत किया गया। शादी की तैयारी धूमधाम से चल रही थी।
यह भी पढ़ें: भाजपा के पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा और श्वेता स्वप्निल जैन का अश्लील वीडियो वायरल, मस्ती करते दिखे
इसी दौरान दुल्हन का भाई हिमांशु यादव करियाझाला मोड़ स्थित अपने घर से बाइक पर कुछ सामान लेने गया था। वहां लौटते समय अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बेटे के साथ हुए हादसे की सूचना मिलते ही पिता रामनरेश अस्पताल पहुंचा। जैसे ही उसे पता चला कि उसका बेटा इस दुनिया में नहीं रहा, वह बुरी तरह से बिलखने लगा, लेकिन कुछ लोगों ने शादी में व्यवधान पड़ने की बात समझाकर उसे शांत कराया।
इसके बाद वह वहां से गेस्ट हाउस पहुंचा, रातभर बेटे की मौत का गम सीने में दबाकर शादी की रस्में पूरी कराता रहा। सुबह बेटी की विदाई तक किसी को भनक नहीं लगने दी। उसने दुल्हन अंजू, उसकी मां किरन और अन्य भाई सुमित को हिमांशु की मौत की बात नहीं बताई गई। दुल्हन की विदाई के बाद जैसे ही सभी को हिमांशु की मौत की जानकारी मिली तो कोहराम मच गया। ससुराल पहुंचने के बाद बैरंग दुल्हन अंजू अपने पति अनिकेत के साथ वापस अपने घर पहुंची। वह भाई के शव से लिपट कर रोते हुए कई बार बेसुध हो गई। यह देख वहां मौजूद लोग आंसू नहीं रोक सके। परिजनों को बुरी तरह बिलखता देख हर किसी की आंख नम हो गई।
रिपोर्ट: अमित कुमार