इटावा। लॉकडाउन के नियमों के तहत सामारोह में वक्त की पाबंदियां रिश्तों को तोड़ने के साथ विवाद का कारण बनती जा रही हैं। सोमवार को यूपी में इटावा जिले के इकदिल क्षेत्र में इसी पाबंदी की वजह से लड़के वालों की तरफ से विदाई जल्दी करने का दबाव बनाने पर वर-वधु पक्ष में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में दुल्हन के पिता गंभीर रूप से घायल हुए और शादी भी टूट गई। लड़की वालों की तहरीर पर दुल्हें के घरवालों और मैरेज लॉन संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कानपुर देहात जिले के सिकंदरा क्षाना क्षेत्र के मदनपुरा गांव निवासी छेदीलाल सोमवार को अपनी दो बेटियों की शादी करने मानिकपुर विसू गांव स्थित माही मैरिज होम पहुंचे थे। लड़के का पिता सुरेंद्र इसी मैरिज होम में चौकीदारी करता है। इसीलिए वह अपने बेटों की शादी इसी मैरिज होम से कर रहा था। शाम करीब सात बजे शादी की रस्में निभाई जानी थी। तभी लड़के पक्ष की ओर से रस्मों और विदाई कार्यक्रम को जल्द पूरा करने के लिए कहा गया। लड़की पक्ष ने इसका विरोध किया। दोनों के बीच तनातनी शुरू हो गई।
लड़की के पिता छेदीलाल का आरोप है कि मैरिज होम संचालक ने लड़के वालों के साथ मिलकर लाठी डंडों से बुरी तरह पीटा। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसके साथ के सभी लोगों को कमरे में बंद कर दिया। छेदीलाल की सूचना पर इकदिल थाना प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता मौके पर पहुंचे और घायल छेदीलाल और उसके दामाद राजेश को जिला अस्पताल पहुंचाया।
बाद में छेदीलाल की तहरीर पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के परमधाम गांव निवासी माही मैरिज होम संचालक रजत त्रिपाठी पुत्र वेद प्रकाश समेत लड़के के पिता सुरेंद्र, उसके बेटे सूरज आदि के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया। जिसमें आरोपी रजत त्रिपाठी पर एससीएसटी एक्ट लगा है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मुकदमा कर जांच की जा रही है। आरोपी फरार हैं। इस घटना के बाद लड़की के पिता ने शादी से इंकार कर दिया और अपने गांव लौट गए।
रिपोर्ट – तंजीम राना