हाथरस। उत्तर प्रदेश (Uttar Prasesh) से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। एक युवक ने अपनी पत्नी की नाक (Nose) काट दी। वजह जानकर हर कोई हैरान है। घटना हाथरस जिले की है। दहेज में बुलट बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर कोतवाली हाथरस गेट इलाके के गांव किन्दौली निवासी युवक पर अपनी पत्नी की नाक काटने का आरोप लगा है। सूचना मिलते ही महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। महिला हाल में अपने मायके से सुसराल आई थी।
कोतवाली सदर इलाके के किला गेट लहरा वाली गली के रहने वाले इकबाल पुत्र गुलशेर खान के मुताबिक, उन्होंने अपनी बेटी खुशबू की शादी करीब 6 साल पहले किंदौली के रहने वाले बिक्की पुत्र बन्ने खां से की थी। आरोप है कि कुछ दिन तक तो सब सही चला, लेकिन उसके बाद ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बुलेट बाइक की मांग करने लगे और खुशबू को परेशान करने लगे। विवाद के बाद बेटी अपने मायके पहुंच गई। 18 महीने तक खुशबू अपने पिता के घर पर रही। 10 दिन पहले चचिया ससुर मुस्ताक अली पीड़ित परिवार के पास आए और अपनी जिम्मेदारी पर खुशबू को उसकी ससुराल किंदौली ले आए। पीड़ित के पिता ने बताया कि शनिवार को परिवार में कोई कार्यक्रम था, इस पर उन्होंने बेटी और उसके पति को भी बुलाया था।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश से बड़ी खबर, सिलेंडर फटने से तीन मकान ध्वस्त, 11 की मौत
रविवार की सुबह पति बिक्की के साथ खुशबू अपनी ससुराल चली गई, आरोप है कि सोमवार तड़के पति ने खुशबू के साथ मारपीट की। इसके बाद पति ने चाकू से खुशबू की नाक काट दी, इसके अलावा कई अन्य जगहों पर भी वार किया। जानकारी मिलते ही पीड़ित का पिता इकबाल अपने परिवार के लोगों के साथ बेटी के घर पहुंचा। वहां पहुंचने पर जानकारी मिली कि खुशबू को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह तुरंत अस्पताल पहुंचे। यहां से बेटी को साथ लेकर कोतवाली हाथरस गेट पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। फिलहाल पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच शुरू कर दी है, और पीड़िता को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया है ।
(रिपोर्ट: अमित कुमार)