Sambhal News उत्तर प्रदेश के संभल जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां चंदौसी कोतवाली इलाके के एक मोहल्ले में एक शख्स नग्न होकर दूसरे समुदाय के एक मकान में घुस गया। आरोपी शख्स कमरे में बेड पर जाकर आराम फरमाने लगा। घर में मौजूद महिलाओं ने जब उसे देखा तो चीख निकल गई। आनन-फानन उसे कमरे में बंद कर दिया।
मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस शख्स को कोतवाली ले जा रही थी तो भीड़ ने जमकर हाथ साफ दिया। भीड़ ने आरोपी को जमकर पीटा। पुलिस ने महिला की तहरीर पर छेड़खानी का मामला दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मोहल्ला राज में एक शख्स होरी लाल नग्न होकर गली में घूमा। इसके बाद आरोपी एक मकान में घुस गया और कमरे में बेड पर लेट गया। जब आरोपी घर में घुसा, उस दौरान केवल महिलाएं ही घर पर थीं। महिला ने उसे कमरे में बेड पर लेटा देख शोर मचा दिया और कमरे को बंद कर दिया।
आसपास के लोग जमा हो गए, सूचना के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन लोग प्रभारी निरीक्षक व सीओ को घटनास्थल पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। आधा घंटे बाद प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे। फिर पुलिस ने कमरे में बंद आरोपी को हिरासत में लिया और कोतवाली ले जाने लगी।
इस पर भीड़ ने युवक की पिटाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि जिस मकान में आरोपी दाखिल हुआ था। उसमें 12 से 14 परिवार रहते हैं। युवक मकान के जिस कमरे में घुसा था। उस कमरे में रहने वाली महिला ने आरोपी पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया है।
मामले में सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि आरोपी मनोरोगी नहीं है। आरोपी कमरे में क्यों जाकर लेटा, इसका पता लगाया जा रहा है। आरोपी ने पुलिस को अभी तक कोई बात नहीं बताई है। महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी का चालान कर दिया गया है।